मूलगढ धमातोली अखोडी मोटर मार्ग डामरीकरण कार्य के अभाव में दुर्घटनाओं को दे रहा न्यौता
घनसाली । हिंदाव व ग्यारह गांव हिंदाव पट्टी के करीब 3 दर्जन से अधिक गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ने का मुख्य मार्ग मूलगढ धमातोली अखोडी मोटर मार्ग डामरीकरण कार्य के अभाव में दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहा है। जिस कारण आये दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। जन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता आंदोलन को मजबूर होंगे।
क्षेत्रीय लोगों में पूर्व ब्लाक प्रमुख धनीलाल शाह,पूर्व प्रमुख विजय गुणसोला,कांग्रेस मीडिया प्रभारी लाल सिंह नेगी,ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद जोशी, डॉ प्रकाश चंद अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष सहित कई क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि विकासखंड भिलंगना के हिंदाव पट्टी व ग्यारह गांव हिंदाव पट्टी के करीब 3 दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सड़क सुविधा मुहैया कराने के लिए नब्बे के दशक में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित यह मार्ग आज डामरीकरण के अभाव में दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहा है। हालात यह है कि डामरीकरण के अभाव में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हैं। साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा सालभर पहले सड़क पर पत्थर बिछा कर कार्य की इतिश्री कर दी है जो वाहनों को लगातार दुर्घटनाओं का निमंत्रण दे रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने विभाग सहित शासन प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण कार्य नहीं किया गया तो क्षेत्रीय जनता विभाग व शासन प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन विभाग की होगी।

