मूसलाधार बारिश के चलते नैनीताल में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को रहेंगे बंद

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने आदेश जारी कर 31 अगस्त 2026, सोमवार को जनपद के सभी कक्षा 1 से इंटर कॉलेज तक के शिक्षण संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने यह निर्णय लगातार जारी भारी बारिश और उससे उत्पन्न संभावित परिस्थितियों को देखते हुए लिया है। जनपद के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर लगातार जारी है, जिसके चलते प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया गया है।
आदेश के अनुसार सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों सहित कक्षा 1 से इंटरमीडिएट स्तर तक के सभी शिक्षण संस्थान तथा आंगनबाड़ी केंद्र 31 अगस्त को बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से यात्रा न करने की अपील की है।
