हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 19 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 19 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
Spread the love

हरिद्वार,। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखण्ड श्री विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की विभिन्न टीमों ने रविवार को जनपद में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत रिटेल स्टोर, ई-कॉमर्स ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, डेरियों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान कुल 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने शिवालिक नगर स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। यहां देशी घी, मैदा, साबुत काली मिर्च और पोहा के चार नमूने लिए गए। पोहा निर्माता कंपनी पंसारी इंडस्ट्रीज, नई दिल्ली को लेबल पर निर्माता का नाम-पता अंकित न करने, स्कैन कोड में गलत निर्माता का नाम दर्ज होने तथा हेल्थ क्लेम के संबंध में नोटिस जारी किया गया। वहीं मैदा निर्माता कंपनी ग्रो मोर स्पाइसेज एंड पल्सेस, गुरुग्राम को लेबल पर एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं करने पर नोटिस दिया गया।

इसके बाद ज्वालापुर, आर्यनगर एवं रानीपुर मोड़ स्थित रिटेल स्टोरों तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो (Zepto) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेप्टो द्वारा मौके पर फूड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अलावा वेयरहाउस से संबंधित अनिवार्य दस्तावेज, जिनमें कर्मचारियों के मेडिकल रिकॉर्ड एवं पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज शामिल हैं, भी प्रस्तुत नहीं किए गए। कई खाद्य पदार्थों के लेबल पर निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अपठनीय पाई गई। इन अनियमितताओं पर जेप्टो को नोटिस जारी किया गया। यहां से खाद्य तेल, सूजी, जूस और तेल के चार नमूने जांच के लिए लिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेन्द्र पाण्डेय ने रुड़की के सिविल लाइंस क्षेत्र में रिटेल स्टोरों एवं किराना दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य तेल, चायपत्ती और देशी घी के तीन नमूने लिए गए। अनियमितताएं पाए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत न करने पर दो खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार ने भगवानपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रिटेल दुकानों का निरीक्षण कर बेसन, सूजी, नमकीन, बिस्कुट, चायपत्ती और खाद्य तेल के छह नमूने लिए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने झबरेड़ा एवं नारसन क्षेत्र में रिटेल दुकानों तथा डेरियों का निरीक्षण किया। यहां से मावा और देशी घी के दो नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, विभिन्न स्थानों से लिए गए सभी 19 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles