युवती के साथ दुष्कर्म करने वाला हुआ गिरफ्तार,निकला कोरोना पोजेटिव
रिपोर्ट ।ललित जोशी
नैनीताल, । सरोवर नगरी नैनीताल के
महाशिवरात्रि पर्व की रात्रि थाना तल्लीताल क्षेत्र के अंतर्गत विवाहिता के साथ गाड़ी में दुष्कर्म कर उसे रात भर गाड़ी में ही बंद कर छोड़ गए आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अलबत्ता गिरफ्तारी के बाद उसे जेल की जगह आइसोलेशन सेंटर भेजना पड़ा है, क्योंकि वह कोरोना पॉजिटिव निकला है। महिला का भी कोरोना टेस्ट किया गया है, जिसमें वह निगेटिव आई है। यहां बता दे थाना तल्लीताल के दूरस्थ गांव निवासी 30 वर्षीय पीड़िता को महाशिवरात्रि के दिन आरोपित युवक के साथ उसके वाहन में नैनीताल घूमने आई थी। वापसी में आरोपित युवक ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और थाना तल्लीताल क्षेत्र में ही गाड़ी में उसके साथ दुराचार किया। इसके बार आरोपित अमानवीयता की हदें पार कर बेहोश व दुष्कर्म पीड़िता को रात्रि में गाड़ी में बंद कर चला गया। रात्रि भर वह गाड़ी में बंद रही। सुबह लोगों को पता चला तो उसे गाड़ी से बाहर निकाला गया। इस मामले में विवेचनाधिकारी तल्लीताल थाने की महिला एसआई पुष्पा बिष्ट ने 35 वर्षीय आरोपित खड़क सिंह मलाड़ा पुत्र हिम्मत सिंह निवासी ग्राम बेल को हल्द्वानी के निकट फतेहपुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 342 व 506 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित कोरोना पॉजिटिव निकला है। इस पर उसे आईसोलेशन में भेज दिया गया है।

