HTML tutorial
HTML tutorial

राज्यपाल कोश्यारी ने किया ललित की पुस्तक का विमोचन

Spread the love

देहरादून: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देहरादून में अपने निजी आवास पर युवा बाल साहित्यकार ललित शौर्य की पुस्तक फ़ॉरेस्ट वॉरियर्स का विमोचन किया। इस अवसर पर राज्यपाल कोश्यारी ने कहा कि शौर्य का रचना संसार अनूठा है। उनकी पुस्तकें बच्चों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। बाल साहित्य बच्चों में संस्कार भरने का कार्य करता है।

पुस्तक के लेखक ललित शौर्य ने बताया कि उनकी यह पुस्तक पर्यावरण संरक्षण पर आधारित है। इसमें वन संरक्षण, संवर्द्धन पर आधारित कहानियां संकलित है। वैश्विक उष्णता के दौर में बच्चों के भीतर अपने पर्यावरण एवं पेड़ों से लगाव अत्यंत आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए ये कहानियां लिखी गई हैं।

इससे पूर्व में भी ललित शौर्य की 8 से अधिक किताबें प्रकाशित हो चुकी हैं। ललित की कहानियों का अनुवाद अंग्रेजी, मराठी, कन्नड़, तेलगु, मलयालम , गुजराती आदि भारतीय भाषाओं में हो चुका है। शौर्य दर्जनों राष्ट्रीय एवं प्रादेशिक सम्मानों से भी सम्मानित हो चुके हैं। पेशे से इंजीनियर ललित बाल साहित्य में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। ललित मोबाइल नहीं पुस्तक दो अभियान चला रहे हैं। जिसके तहत अब तक विभिन्न माध्यमों से 12 हजार से अधिक पुस्तक वितरित की जा चुकी हैं।
पुस्तक विमोचन के अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गिरीश जोशी, कवींद्र सिंह देवली,मधुसूदन जोशी, आलोक सत्याल, प्रकाशक रजनीश कौंसवाल, विपिन शाह आदि मौजूद थे।

देवभूमि खबर

Related articles