वन-वे होगा चारधाम यात्रा का रूट
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के दौरान ऋषिकेश में अब जाम की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने उप जिलाधिकारी प्रेमलाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत और संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनिता चमोला को ऋषिकेश में चारधाम यात्रा को देखते हुए यहां का रूट वन-वे करने के निर्देश जारी किए हैं। उक्त तीनों अधिकारियों को रूट प्लान निर्धारण करने को भी कहा गया है। बस ट्रांजिट कंपाउंड (बीटीसी) के निरीक्षण को पहुंचे डीएम ने यहां प्रतीक्षालय में पंखे की व्यवस्था न होने, पानी की टोंटी न लगी होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इसे पांच दिन के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए और बीटीसी परिसर पर रोडवेज के कार्यालय के समीप तीन सूखे पेड़ों को काटने के लिए भी कहा। इससे पहले उन्होंने फोटो मैट्रिक पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण किया। पंजीकरण का जिम्मा संभाल रही त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रेम अनंत को डीएम ने जल्द यात्रियों के पंजीकरण शुरू करने के निर्देश दिए। निगम के एसएनए उत्तम सिंह नेगी और एई आनंद मिश्रवाण को यात्रियों के लिए बनाई गए टिन शेड और पंजीकरण केंद्र के बाहर लगी रेलिंग को बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम ने यात्रा के दौरान मरीजों के लिए बनाए गए चेकअप रूम की व्यवस्था देखी। उन्होंने उप जिलाधिकारी प्रेमलाल और डिप्टी सीएमएस देहरादून यूएस चैहान को मरीजों के लिए दो व्हीलचेयर और एक स्ट्रेचर रखने के निर्देश दिए।

