क्विक रिस्पोंस टीम कैम्प में सीडीओ अभिषेक रूहेला ने 38 शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण

क्विक रिस्पोंस टीम कैम्प में  सीडीओ अभिषेक रूहेला ने 38 शिकायतों का मौके पर किया निस्तारण
Spread the love


नई टिहरी।  मुख्यमंत्री त्वरित समाधान सेवा कार्यक्रम के तहत जनपद के विकासखण्ड प्रतापनगर के लम्बगांव स्थित टीएचडीसी हाॅल में आयोजित क्यूआरटी कैम्प ‘‘क्विक रिस्पोंस टीम कैम्प‘‘ मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक रूहेला की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर लोगों द्वारा कुल 65 शिकायतें दर्ज करवायी गयी जिनमें से 38 शिकायतों का सीडीओ द्वारा मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये गये। कैम्प में लोगों द्वारा अधिकांश शिकायतें समाज कल्याण, जल संस्थान, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एवं शिक्षा आदि विभागों से सम्बन्धित दर्ज करवायी गयी। क्यूआरटी कैम्प में समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, बाल विकास, सैनिक कल्याण आदि विभागों द्वारा स्टाॅल लगाकर अपने-अपने विभागों से सम्बन्धित योजनाओं की जानकारी दी गयी तथा विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया।
     कैम्प में समाज कल्याण विभाग द्वारा 7 वृद्धावस्था पेंशन, 6 विधवा पेंशन, 1 दिव्यांग पेंशन व 1 पारिवारिक पेंशन योजना के नये आवेदन भरे गये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 19 लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा वितरण, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 90 लोगों को विभिन्न रोगों की निःशुल्क दवा का वितरण, उद्यान विभाग द्वारा 5 लोगों को निःशुल्क कीटनाशक वितरण एवं पशुपालन विभाग द्वारा 15 लोगों को विभिन्न पशुरोग दवा का वितरण निःशुल्क किया गया।
     कैम्प में ग्रामीणों द्वारा आधार कार्ड न बनाये जाने सम्बन्धी समस्या सीडीओ के सम्मुख रखी गयी। जिस पर सीडीओ ने एसडीएम प्रतापनगर को लम्बगांव क्षेत्रान्तर्गत शीघ्र ही कैम्प लगाकर आधार कार्ड बनाये जाने के निर्देश दिये। क्षेत्रीय लोगों द्वारा लम्बगांव-उत्तरकाशी,  लम्बगांव-चम्बा एवं लम्बगांव-प्रतापनगर रोड़ पर मलबा पड़े होने से आवागमन में होने वाली असुविधा से अवगत कराया गया। जिस पर सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सड़को पर पड़े मलबा को हटाये जाने के निर्देश दिये।
     

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष भरोसी देवी, पीडी डीआरडीए आनन्द सिंह भाकुनी, एसडीएम प्रतापनगर रजा अब्बास, जिला उद्यान अधिकारी डीके तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी मुकेश डिमरी, जिला पर्यटन अधिकारी सुरेश सिंह यादव, बीडीओ डीसी चमोला आदि उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles