संविधान ही हमारी आशा और विश्वास है :राखी पंचोला
टिहरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत “संविधान दिवस” मनाया गया। इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा एक वेबीनार का आयोजन किया गया।
वेबीनार का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर रेनू नेगी के द्वारा किया गया। इस वेबीनार की विशिष्ट वक्ता डॉ0 राखी पंचोला ( विभागाध्यक्षा, राजनीति विज्ञान विभाग, शहीद दुर्गा मल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोईवाला) एवं मुख्य वक्ता प्रोफेसर सी0पी0 सूद पूर्व (विभागाध्यक्ष/डीन, हे0 न0 ब0 ग0 विश्वविद्यालय श्रीनगर ) रहे।
डॉ राखी पंचोला ने “भारतीय संविधान का राष्ट्र सामग्रीकरण में योगदान” विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ राखी पंचोला ने संविधान निर्माण का अर्थ,संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान की आवश्यकता और संविधान के उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ राखी पंचोला ने कहा कि संविधान ही हमारी आशा और विश्वास है और इसी पथ पर आगे बढ़ते हुए हम एक सशक्त और शक्तिशाली राष्ट्र बन सकते हैं।
इसके पश्चात वेबीनार के मुख्य वक्ता प्रो0 सी0पी0 सूद ने “समकालीन परिवेश में मौलिक कर्तव्य निर्वहन का महत्व” विषय पर व्याख्यान दिया। प्रोफेसर सूद ने बताया कि कोई भी राष्ट्र तभी सशक्त और संपन्न बन सकता है जब उस राष्ट्र के नागरिक अपना कर्तव्यों का बखूबी ढंग से पालन करते हो। यदि हम अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करेंगे तो हमारे अधिकारों का संरक्षण भी नहीं हो पाएगा। आज हमारा यह कर्तव्य है कि हम अपने अधिकारों की प्राप्ति के प्रयास में अन्य व्यक्तियों के अधिकारों को हानि ना पहुंचाएं।
इस वेबीनार का संचालन राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार के द्वारा किया गया एवं राजनीति विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ0 मीनाक्षी शर्मा के द्वारा प्राचार्य महोदय एवं अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस वेबीनार में तकनीकी सहायता डॉक्टर अंकिता बोरा के द्वारा प्रदान की गई।


