सोनिया की तबियत खराब, अस्पताल में भर्ती

Spread the love

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को शुक्रवार को स्वास्थ्य बिगड़ने की वजह से दिल्ली लाया गया. यहां उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक उन्हें पेट में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया.
सूत्रों के अनुसार सोनिया को शिमला से एक एयर-एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. सोनिया को शिमला से वापस लाने के लिए अस्पताल के डॉक्टरों के एक दल को भेजा गया था.
सर गंगाराम अस्पताल के चेयरमैन डी एस राना ने बताया कि श्रीमती गांधी को आज शाम करीब 5 बजे अस्पताल लाया गया. उन्हें पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया है. फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
बताया जा रहा है कि श्रीमती गांधी गुरुवार को शिमला में थीं. वह छराबड़ा में प्रियंका गांधी के घर के निर्माण कार्य का जायजा लेने शिमला आई थीं. यहां वह कुफरी के वाइल्ड फ्लावर होटल में ठहरी थीं. कांग्रेस के सूत्रों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है.
इससे पहले मार्च में भी सोनिया गांधी को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से काफी जूझना पड़ा था. खराब तबियत की वजह से वह उत्तर प्रदेश सहित पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों के दौरान भारत में मौजूद भी नहीं रहीं. इसके अलावा सोनिया गांधी इन चुनावों के प्रचार से भी दूर रही थीं. इलाज के लिए उन्हें विदेश रवाना होना पड़ा था.

देवभूमि खबर

Related articles