1347 एलटी शिक्षकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र — मुख्यमंत्री धामी करेंगे वितरण, दूरस्थ क्षेत्रों में होगी पहली तैनाती
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 1347 सहायक अध्यापकों (एलटी) को आगामी 14 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। यह कार्यक्रम राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के प्रेक्षागृह में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
चयनित शिक्षकों को प्रदेश के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में प्रथम तैनाती दी जाएगी, जिससे उन इलाकों में शिक्षकों की कमी पूरी हो सके और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध करा दी है। विभाग ने नियुक्ति पत्र वितरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि गढ़वाल मंडल में सामान्य व महिला शाखा के 681 पदों पर और कुमाऊं मंडल में 671 पदों पर शिक्षकों का चयन हुआ है।
गढ़वाल मंडल के विषयवार चयन: हिन्दी 112, अंग्रेजी 98, संस्कृत 9, गणित 66, विज्ञान 109, सामान्य विषय 109, कला 103, व्यायाम 59, गृह विज्ञान 3, वाणिज्य 11, संगीत 2।
कुमाऊं मंडल के विषयवार चयन: हिन्दी 90, अंग्रेजी 73, संस्कृत 12, गणित 89, विज्ञान 88, सामान्य विषय 128, कला 127, व्यायाम 45, गृह विज्ञान 8, संगीत 6, उर्दू 1, वाणिज्य 4।
उन्होंने बताया कि भर्ती परिणाम को लेकर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की गई थीं, जिन पर न्यायालय ने सभी वादों का निस्तारण करते हुए 1347 पदों पर नियुक्ति देने के आदेश पारित किए हैं, जबकि शेष पदों को रिजर्व रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में विषयवार शिक्षक उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही प्राथमिक शिक्षा विभाग में 2100 सहायक अध्यापकों और माध्यमिक शिक्षा विभाग में 800 से अधिक प्रवक्ताओं की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

