07 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर मुख्यधारा में शामिल हुए 15 होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षक

07 माह का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर मुख्यधारा में शामिल हुए 15 होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षक
Spread the love

देहरादून। पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को होमगार्ड हवलदार प्रशिक्षकों की पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। 07 माह के गहन प्रशिक्षण के बाद 15 हवलदार प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर मुख्यधारा में कदम रखा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षुओं को अन्त:कक्ष में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, भारतीय संविधान, पुलिस एवं होमगार्ड संगठन तथा कर्मचारी आचरण नियमावली सहित विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं बाह्य कक्ष में पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पीटी/पीई, योग एवं यूएसी आदि का प्रशिक्षण कराया गया।

प्रशिक्षण में हवलदार प्रशिक्षक होमगार्ड हिमानी करायत ने अन्त:कक्ष में प्रथम, हवलदार प्रशिक्षक होमगार्ड सूरज सिंह ने बाह्य कक्ष में प्रथम तथा हवलदार प्रशिक्षक ललित सिंह ने सम्पूर्ण प्रशिक्षण में सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट का स्थान प्राप्त किया। ललित सिंह को परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।

प्रशिक्षण एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को एसएसपी देहरादून द्वारा ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को पूरी लगन, अनुशासन और सत्यनिष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पासिंग आउट सेरेमनी में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, आरटीसी स्टाफ, प्रशिक्षु तथा उनके परिजन मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles