नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में 3 युवक गिरफ्तार, ऋषिकेश पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

ऋषिकेश। नाबालिग एवं महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के बाद आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
ऋषिकेश निवासी वादी ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बहन अपनी परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने दोनों को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई और नाबालिग के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन, पूछताछ एवं अन्य तथ्यों के आधार पर शिवम उर्फ शुभम, गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर शराब पिलाने तथा उसके अत्यधिक नशे में होने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने की बात स्वीकार की गई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवम उर्फ शुभम (19), निवासी इब्राहिमपुर, रामपुर, रुड़की; गोविन्द (21), निवासी श्यामनगर, सुनहैरा, रुड़की; तथा दीपक उर्फ डीपी (20), निवासी सुनहैरा, रुड़की शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक राजकुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति तथा कांस्टेबल सौरभ वालिया शामिल रहे।
