आईजी अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्तार मोहसिन ने आपदा पूर्व तैयारियों के तहत संभावित प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, सतर्कता के दिए निर्देश
देहरादून। राज्य में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस महानिरीक्षक, उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा श्री मुख्तार मोहसिन ने आज संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण और निरीक्षण किया।
निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत राज्य आपदा परिचालन केन्द्र (SEOC), आईटी पार्क देहरादून से की गई, जहां उन्होंने नियंत्रण कक्ष की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान राज्य में जलभराव और लगातार हो रही वर्षा की स्थिति पर अधिकारियों से अपडेट लेते हुए उन्होंने सभी अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क एवं अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके पश्चात उन्होंने केशवपुरी बस्ती डोईवाला क्षेत्र का निरीक्षण कर सौंग नदी के किनारे स्थित संवेदनशील पुस्ता क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संभावित प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से नियमित संपर्क बनाए रखें और जरूरत पड़ने पर समय रहते लोगों को अलर्ट कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाए।
पुलिस महानिरीक्षक ने फायर स्टेशन डोईवाला का भी निरीक्षण किया और जलभराव जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए वहां उपलब्ध अग्निशमन वाहनों, पोर्टेबल पंपों और अन्य उपकरणों की तत्परता की जानकारी ली। उन्होंने इन उपकरणों को सदैव क्रियाशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही टाइप-2 और टाइप-3 निर्माणाधीन आवासों का संबंधित निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अंत में उन्होंने खैरी खुर्द नेपाली फार्म क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया, जहां संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए फायर सर्विस के अधिकारियों को प्रभावित निवासियों से संवाद बनाए रखने और तेज बारिश अथवा नदी के जल स्तर में वृद्धि की स्थिति में समय पर अलर्ट जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
आईजी अग्निशमन द्वारा की गई यह व्यापक निगरानी एवं तैयारी कार्यवाही संभावित आपदा स्थितियों में प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है

