चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों पर एसपी उत्तरकाशी सख्त, मासिक अपराध गोष्ठी में 20 पुलिसकर्मी सम्मानित

चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों पर एसपी उत्तरकाशी सख्त, मासिक अपराध गोष्ठी में 20 पुलिसकर्मी सम्मानित
Spread the love

उत्तरकाशी। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने शुक्रवार  को पुलिस लाइन ज्ञानसू में अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की क्राइम मीटिंग एवं मासिक सैनिक सम्मेलन आयोजित कर अपराध नियंत्रण, नशा उन्मूलन तथा आगामी चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित और सुगम संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन के दौरान एसपी ने सबसे पहले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विभागीय व व्यक्तिगत समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही पिछले माह कर्मचारियों द्वारा रखी गई समस्याओं पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर फरवरी 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को “मैन ऑफ द मंथ” घोषित करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
चारधाम यात्रा-2026 के निकट आते समय को देखते हुए एसपी ने गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा मार्ग से जुड़े सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर स्थापित स्थायी एवं अस्थायी पुलिस चौकियों, पंजीकरण केंद्रों, बैरियर और चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस जवानों के लिए मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन-वेरिफिकेशन ड्राइव के अंतर्गत संदिग्ध व्यक्तियों और बाहरी लोगों के सत्यापन की कार्रवाई को प्रभावी ढंग से जारी रखने तथा आम नागरिकों को पुलिस सत्यापन के प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही गुमशुदा बच्चों, महिलाओं और पुरुषों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए गए।

मासिक अपराधों की समीक्षा करते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने के साथ-साथ विशेषकर एनडीपीएस एक्ट और महिला संबंधी गंभीर मामलों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने समन, वारंट, शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को भी कहा।
इसके अतिरिक्त बढ़ते साइबर अपराध, महिला अपराध, यातायात नियमों के पालन और नशा उन्मूलन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित वाहन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

मासिक अपराध गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार, वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी अरुण गौड़, डीजीसी प्रवीन, प्रतिसार निरीक्षक शिव कुमार, निरीक्षक अभिसूचना विकास नौटियाल, निरीक्षक दूरसंचार सचिन कुमार, निरीक्षक प्रमोद उनियाल, दीपक नौटियाल सहित सभी कोतवाली, थाना व इकाई प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles