मुख्यमंत्री ने जनपदों में आपदा से हुए नुकसान एवं राहत कार्यो की समीक्षा
देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सभी जनपदों में मानसून सत्र के दौरान आपदा से हुए नुकसान एवं राहत कार्यो की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनपदों में घटित आपदाओं के उपरांत जिस तरह से अधिकारियों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य किए है, वो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी तरह त्वरित कार्यवाही करें।
सीएम ने आपदा में क्षतिग्रस्त सभी सड़कों को यातायात के लिए जल्द से जल्द सुचारू करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश के कई जिलों में फैले डेगू की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तराकाशी व अन्य सभी जनपदों में भी घटित आपदाओं के उपरांत अधिकारियों द्वारा संचालित त्वरित राहत एवं बचाव कार्यो की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह कार्य करने की बात की। उन्होंने सभी डीएम को सरकारी कार्यालयों में प्लास्टिक इस्तेमाल को भी पूरी तरह से बंद कराने के निर्देश दिए।
वीसी में आपदा सचिव अमित नेगी ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा में क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के प्रस्ताव 30 सिंतबर तक शासन को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के लिए सभी गांवों में महिला एवं युवक मंगल दलों को सक्रिय करने तथा प्रत्येक गांव में आपदा मित्र बनाने को कहा।

