जनता मिलन कार्यक्रम में 26 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण; शेष पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

जनता मिलन कार्यक्रम में 26 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण; शेष पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

रुद्रप्रयाग।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने विभिन्न स्थानीय समस्याएं उठाईं। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन कांडपाल ने कोटखाल-जागतोली मोटर मार्ग निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। गौंडार के प्रधान अनूप पंवार ने मद्महेश्वर क्षेत्र में सीसीटीवी सोलर प्लांट लगाने की मांग की। तुनेटा की प्रधान ललिता देवी ने थापला-तुनेटा सिंचाई गूल की मरम्मत की आवश्यकता बताई।

इसके अलावा, कमसाल निवासी हर्षवर्धन ने जॉब कार्ड न बनने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि बणखिल निवासी यशवंत सिंह ने ऊफरांई देवी मंदिर में विद्युत व्यवस्था की मांग की। ताल जामण की रजनी देवी ने आपदा में क्षतिग्रस्त आवास का मुआवजा न मिलने का मुद्दा उठाया और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। जगोठ गांव की दुर्गा देवी ने गदेरे से आवास को खतरा बताते हुए सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। अपर बाजार की गणेशी देवी ने विद्युत तारों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग रखी, वहीं हरीश लाल ने बरसात के पानी से दुकान व भवन को हो रहे नुकसान की समस्या बताई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निस्तारण की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं को भी उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा भी की गई। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 167 और एल-2 स्तर पर 59 शिकायतें लंबित पाई गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का भी शीघ्र और प्रभावी निस्तारण किया जाए।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, जिला विकास अधिकारी अनीता पंवार, उप जिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, प्रभारी शिकायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles