“4 साल बेमिसाल नहीं, 4 साल बेहाल”: कांग्रेस का धामी सरकार पर तीखा प्रहार

“4 साल बेमिसाल नहीं, 4 साल बेहाल”: कांग्रेस का धामी सरकार पर तीखा प्रहार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में धामी सरकार के “4 साल बेमिसाल” दावों के बीच कांग्रेस ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता को प्रीतम सिंह और काजी निजामुद्दीन ने संबोधित किया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि यह “4 साल बेमिसाल” नहीं बल्कि “4 साल बेहाल” रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट का आकार बढ़ने के बावजूद राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की प्रतिपूर्ति बंद होने तथा वित्त आयोग से अपेक्षित सहायता न मिलने से राज्य की आय प्रभावित हुई है।

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जहां सरकार 30 हजार नौकरियां देने का दावा कर रही है, वहीं सेवायोजन कार्यालयों में 10 लाख से अधिक बेरोजगार पंजीकृत हैं। इसके अलावा कुपोषण दर, कृषि विकास दर और बढ़ती लागतों को लेकर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की गई।

उन्होंने पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि 1700 से अधिक विद्यालय बंद हो चुके हैं और कई गांव निर्जन हो गए हैं। स्मार्ट सिटी, नमामि गंगे और आपदा प्रबंधन योजनाओं में भी अनियमितताओं और विफलताओं का आरोप लगाया गया।

वहीं काजी निजामुद्दीन ने राज्य के बजट प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि बजट अनुमान और वास्तविक व्यय के बीच बड़ा अंतर है, जिससे बजट की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लगता है। उन्होंने कहा कि राजस्व व्यय अधिक और पूंजीगत व्यय सीमित होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य की अपनी आय की क्षमता कमजोर हो रही है और केंद्र पर निर्भरता बढ़ती जा रही है, जबकि कर्ज और ब्याज का बोझ लगातार बढ़ रहा है, जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कमी और बार-बार धनराशि का पूरा उपयोग न हो पाना यह दर्शाता है कि सरकार घोषणाओं को धरातल पर उतारने में विफल रही है।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस पदाधिकारियों ने सरकार से वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles