6 लाख की स्मैक के साथ महिला सहित दो नशा तस्कर गिरफ्तार, दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई
देहरादून। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20.89 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” विजन के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
विकासनगर क्षेत्र में महिला तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 22 मार्च की रात्रि चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कुंजा ग्रांट क्षेत्र से रुखसाना (50 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 14.58 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और 5150 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद स्मैक की कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वह नशे का कारोबार करने लगी थी। वह पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुकी है।
सहसपुर क्षेत्र से दूसरा आरोपी पकड़ा गया
कोतवाली सहसपुर पुलिस ने होरावाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास से राकिब (32 वर्ष) को 6.31 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी राकिब भी पूर्व में नशा तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

