पिथौरागढ़ में खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव को 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान शुरू, 3.51 लाख पशुओं को कवर करने का लक्ष्य

पिथौरागढ़ में खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव को 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान शुरू, 3.51 लाख पशुओं को कवर करने का लक्ष्य
Spread the love

पिथौरागढ़। पशुपालन विभाग द्वारा खुरपका-मुँहपका (Foot and Mouth Disease) से बचाव हेतु जनपद में 45 दिवसीय व्यापक टीकाकरण अभियान का गुरुवार को शुभारंभ किया गया।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाईं ने कलेक्ट्रेट परिसर से टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पशुधन को संक्रामक रोग से सुरक्षित रखना, उनकी उत्पादकता बढ़ाना तथा पशुपालकों को आर्थिक हानि से बचाना है। उन्होंने पशुपालकों से अपने सभी पात्र पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।

अभियान 2 अप्रैल 2026 से अगले 45 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत जनपद में कुल 3,51,000 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें 1,41,000 गौवंशीय व महिषवंशीय तथा 2,10,000 भेड़-बकरी शामिल हैं।

पशुपालन विभाग ने इसके लिए 52 टीमों का गठन किया है, जिनमें 160 से अधिक कार्मिक तैनात किए गए हैं। सभी टीमें गांव-गांव जाकर घर-घर पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी।

अभियान के दौरान 3 माह से कम आयु के पशुओं और 6 माह से अधिक अवधि के गर्भवती पशुओं को टीकाकरण से बाहर रखा गया है। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि यह बड़े पशुओं के लिए आठवां और छोटे पशुओं के लिए चौथा अभियान है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पशुपालक इसका लाभ उठा सकें और शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles