लक्सर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर, 452 लोगों ने उठाया लाभ; 8 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड सभागार लक्सर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान किया।

शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ बहुद्देशीय शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर लाकर आमजन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष रूप से सुविधाजनक हैं, जहां उन्हें योजनाओं की जानकारी के साथ पात्रता और आवेदन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाता है।

राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में कुल 452 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका शत-प्रतिशत मौके पर ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा 52 लोगों को विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, जबकि 325 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर के दौरान विभिन्न महिला समूहों की महिलाओं को चेक भी वितरित किए गए। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता, उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, मंडल अध्यक्ष लक्सर पृथ्वी सिंह राणा, चित्र कुमार सैनी, एसडीओ अमित चंद, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

देवभूमि खबर

Related articles