हत्या के प्रयास में नामजद तीन आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, खटीमा पुलिस ने कुल्हाड़ी और बांका किया बरामद
खटीमा। सोशल मीडिया पर वायरल मारपीट के वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली खटीमा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद तीनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और बांका भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 की रात करीब साढ़े 10 बजे इस्लाम नगर, खटीमा निवासी सद्दाम पुत्र अब्दुल रसीद को जान से मारने की नीयत से आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। हमले में सद्दाम के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों के मौके से फरार होने से पहले उसे जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना का वीडियो स्थानीय व्यक्ति ने बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के संबंध में घायल सद्दाम के बड़े भाई दिलशाद पुत्र स्वर्गीय अब्दुल रसीद ने 30 सितंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर दी। तहरीर के अनुसार, सद्दाम ने मोहल्ले में नशा करने से आरोपियों को मना किया था और कहा था कि इससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि फरमान ने बांका तथा आदिल ने कुल्हाड़ी से सद्दाम पर जानलेवा हमला किया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा अपराध संख्या 300/2026, धारा 109, 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 30 सितंबर को कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर 1 अक्टूबर को घटना में प्रयुक्त बांका और कुल्हाड़ी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में फरमान पुत्र पप्पू, उम्र करीब 33 वर्ष, साहिल पुत्र पप्पू, उम्र करीब 35 वर्ष और आदिल पुत्र पप्पू, उम्र करीब 25 वर्ष, सभी निवासी इस्लाम नगर, थाना खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उन्हें 1 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की विवेचना जारी है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक के.सी. आर्य, उपनिरीक्षक विजय बोहरा, कांस्टेबल मोहन बोरा, कांस्टेबल नरेंद्र टम्टा और कांस्टेबल देवेंद्र सिरोला शामिल रहे।
