कांग्रेस ने अगस्तमुनि में चुनावी कार्यालय का किया उद्घाटन, भाजपा पर जमकर निशाना साधा
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने केदारनाथ विधानसभा के अगस्तमुनि में कांग्रेस के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर माहरा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केदारघाटी के लोग भाजपा की “पापी पार्टी” को आईना दिखाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम के सोने को पीतल में बदलने का मामला हो, तुंगनाथ की डोली के मार्ग को वन विभाग द्वारा बाधित करने का मुद्दा हो या फिर बेरोजगारी की समस्या, जनता भाजपा को जवाब देने के लिए आतुर है।
माहरा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री की उस उपस्थिति पर भी सवाल उठाए जब दिल्ली के बुराड़ी में केदारनाथ धाम की प्रतिकृति बनाई जा रही थी। उन्होंने पूछा कि केदारनाथ की शिला दिल्ली कैसे पहुंची और किसके इशारे पर ऐसा हुआ। माहरा ने आगामी केदारनाथ उपचुनाव को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक “सेमीफाइनल” करार देते हुए कहा कि बाबा केदारनाथ का आशीर्वाद कांग्रेस के साथ है।


