नगुण बैरियर पर मुख्य सचिव ने किया ‘हिमालयन भोजनालय’ का उद्घाटन, महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार

उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर विकासखंड चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के समीप रीप परियोजना के अंतर्गत स्थापित वे-साइड ईटरी का उद्घाटन किया। सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा इसका संचालन ‘हिमालयन भोजनालय’ के नाम से किया जा रहा है।
उद्घाटन के दौरान मुख्य सचिव ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय और आमदनी की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन नगुण बैरियर के पास रुकते हैं, जिससे भोजनालय में यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। इसके अलावा समीप स्थित पार्क में शाम को टहलने आने वाले स्थानीय लोग भी यहां भोजन और नाश्ते का आनंद लेते हैं। इससे समूह की महिलाओं को अच्छी आमदनी हो रही है।
महिलाओं ने बताया कि रीप परियोजना के सहयोग से उन्हें भोजनालय स्थापित करने में मदद मिली। परियोजना के माध्यम से बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी भोजन तैयार करने के ऑर्डर मिल रहे हैं। समूह की महिलाएं मांग के अनुरूप इन ऑर्डरों को पूरा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से उन्हें रोजगार मिलने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।
परियोजना प्रबंधक रीप ने बताया कि प्रदेशभर में परियोजना के अंतर्गत इस तरह की वे-साइड ईटरी विकसित की जा रही हैं। सभी केंद्रों को एक समान पहचान देने के लिए इन्हें ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय एवं पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका को मजबूत करना है। जिला प्रशासन भी ऐसे रोजगारपरक मॉडलों को प्रोत्साहित करने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करा रहा है।
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, डीपीएम रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।


