टीवी बंद करने को लेकर हुए विवाद में भाई ने की भाई की हत्या
देहरादून ।कैण्ट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें टीवी बंद करने को लेकर हुए विवाद में एक भाई ने अपने ही भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने इस घटना में मृतक के भाई को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू को भी बरामद कर लिया है।
आज दिनांक 11-11-2024 को वादी श्री लक्ष्मण मांझी, पुत्र स्वर्गीय चक्रबहादुर, निवासी 15 यंग रोड, गढ़ी कैंट, देहरादून ने लिखित तहरीर दी। वादी ने बताया कि उनकी पत्नी के दो भाई विजय कुमार और नीरज कुमार, गंगोल पण्डितवाडी, गजियावाला, देहरादून में ससुराल के घर पर रहते हैं। देर रात्रि करीब 1:30 बजे वादी को उनके साढू भाई दीपक कुमार ने फोन पर सूचित किया कि विजय और नीरज के बीच झगड़ा हुआ है, जिसमें विजय गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, वादी जब अपनी पत्नी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, तो विजय कुमार लहूलुहान अवस्था में बिस्तर पर पड़ा था। वादी द्वारा तुरंत उसे 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में अभियुक्त नीरज ने बताया कि दोनों भाइयों ने साथ बैठकर शराब पी थी, और इसके बाद विजय देर रात तक टीवी देखता रहा। नीरज द्वारा उसे बार-बार टीवी बंद करने के लिए कहने पर दोनों में झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर नीरज ने पास पड़े चाकू से विजय के सीने में वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद नीरज ने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी थी।


