HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखण्ड-यूपी के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर धामी-योगी की अहम बैठक

उत्तराखण्ड-यूपी के बीच लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर धामी-योगी की अहम बैठक
Spread the love

लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के मध्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान, सिंचाई विभाग से जुड़े मामलों तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकता के अनुसार पुनर्निर्माण का विषय भी रखा। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और संबंधित पुलों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक है। इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है।

बैठक में सिंचाई विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श हुआ। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों का समयबद्ध समाधान करने और लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। पूर्व में बनी सहमति के आधार पर अनेक प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शेष लंबित मामलों का भी आपसी सहमति और सहयोग से शीघ्र निस्तारण होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्ति संबंधी मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से जनहित से जुड़े लंबित विषयों का समाधान करने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles