एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन और आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन और आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने हरिद्वार में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Spread the love

हरिद्वार।एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) वी. मुरुगेशन और आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप ने हरिद्वार का दौरा किया। वे बसंत पंचमी स्नान और जनपद में चल रहे राष्ट्रीय खेलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जाकर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया।

एडीजी और आईजी ने सबसे पहले वंदना कटारिया स्टेडियम का दौरा किया, जहां राष्ट्रीय खेलों की सुरक्षा व्यवस्था का भौतिक निरीक्षण किया गया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल और अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने स्टेडियम के प्रवेश द्वार, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के आगमन व निकासी मार्गों सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

एडीजी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगंतुकों की सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए और किसी भी तरह की सुरक्षा में ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों, विशेष रूप से कबड्डी के सेमीफाइनल और हॉकी मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी जाए।

स्टेडियम निरीक्षण के बाद एडीजी और आईजी ने सीसीआर भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित जनपद के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान एडीजी वी. मुरुगेशन ने सभी अधिकारियों से स्नान ड्यूटी और संभावित भीड़ को लेकर उनके अनुभव और सुझाव साझा करने को कहा। एसएसपी हरिद्वार ने श्रद्धालुओं के आगमन और निकासी मार्गों के लिए पुलिस द्वारा तैयार किए गए ट्रैफिक प्लान और सुरक्षा प्रबंधन की जानकारी दी।

एसपी सिटी पंकज गैरोला ने स्नान पर्व की भीड़ प्रबंधन रणनीति और कंटिंजेंसी प्लान की जानकारी दी, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

बैठक के अंत में एडीजी ने राष्ट्रीय खेलों के दौरान पुलिस द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बसंत पंचमी के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा पुख्ता की जाए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात जवानों को ब्रीफिंग के बाद ही तैनात किया जाए और सभी पुलिसकर्मी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं।

एडीजी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिसकर्मी विनम्रता और दृढ़ता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles