पैराडाइज होटल में युवती ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
देहरादून।डोईवाला के जॉली ग्रांट स्थित पैराडाइज होटल में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। होटल मैनेजर मनोज कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि दिनांक 06/02/2025 की रात होटल के रूम नंबर 107 में प्रशांत कुमार पटेल (24 वर्ष), निवासी हतिघंन पूर्वा खास ददुनपुर, इलाहाबाद, हाल निवासी भानियावाला, डोईवाला, और एक युवती ठहरे थे। दोनों ने होटल में अपनी पहचान संबंधी आईडी जमा कराई थी। सुबह दोनों ने होटल से चेक-आउट कर लिया था, लेकिन कुछ समय बाद युवती वापस लौटी और होटल स्टाफ को बताया कि उसका कुछ सामान कमरे में छूट गया है।
स्टाफ की अनुमति के बाद युवती रूम में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो होटल मैनेजर ने पुलिस चौकी जॉली ग्रांट को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल कर्मचारियों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़कर खोला, जहां पाया गया कि युवती ने चादर का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी ने जानकारी देते हुए बताया कि
पुलिस द्वारा मृतका के परिजनों की जानकारी करने पर पता चला कि उसकी दो बुआएं जॉली ग्रांट क्षेत्र में रहती हैं, जिन्हें सूचना देकर बुलाया गया। मृतका के दादा और उनके साथ आए अधिवक्ताओं ने बताया कि मृतका के पिता वर्तमान में बेंगलुरु में हैं और शाम तक देहरादून पहुंचेंगे। उन्होंने पंचायतनामा और पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध किया।
पुलिस ने होटल की डीवीआर जब्त कर सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें युवती और उसका दोस्त 06/02/2025 की रात होटल में आते हुए और 07/02/2025 की सुबह होटल से जाते हुए दिखाई दिए। बाद में युवती अकेले होटल लौटते हुए भी नजर आई। फुटेज में दोनों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की होटल में आवाजाही नहीं पाई गई। प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। होटल का कमरा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस, होटल स्टाफ और 108 एंबुलेंस कर्मियों की मौजूदगी में तोड़ा गया। शव को हिमालयन जॉली ग्रांट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और मृतका के दोस्त प्रशांत कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
अब तक मृतका के परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुछ अराजक तत्व सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर मिथ्या और भ्रामक खबरें फैलाकर लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ऐसे अराजक तत्वों पर नजर रख रही है और उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

