गैंगस्टर एक्ट में वांछित ₹25 हजार का इनामी अभियुक्त मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार

हरिद्वार। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहे ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त दिनेश कुमार को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद से गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के अनुसार थाना ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार में दर्ज मु0अ0सं0 671/2023, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट में दिनेश कुमार वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार फरार चल रहा था। अभियुक्त के खिलाफ न्यायालय द्वारा NBW एवं धारा 84 BNSS के तहत कार्रवाई जारी की गई थी। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, हरिद्वार द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
एसएसपी एसटीएफ के निर्देश पर गठित टीम ने अभियुक्त की लगातार पतारसी-सुरागरसी के साथ तकनीकी सर्विलांस किया। इस दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन थाना छप्पार क्षेत्र, जनपद मुजफ्फरनगर में चिन्हित हुई। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दिनेश कुमार को छप्पार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिनेश कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी 36 कुआं के पास, ग्राम जय भगवानपुर, थाना छप्पार, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक एन.के. भट्ट, उपनिरीक्षक विद्या दत्त जोशी, हेड कांस्टेबल सुधीर केसला, हेड कांस्टेबल अनूप भाटी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महेन्द्र नेगी और कांस्टेबल कादर खान शामिल रहे।
