दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 80 लाख की 259 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

देहरादून।ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति के तहत थाना राजपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने करीब 80 लाख रुपये कीमत की 259 ग्राम स्मैक के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितम्बर की देर रात मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर जंगल मंगल तिराहा, पुरकुल रोड के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 259 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राशिद पुत्र शमशाद, निवासी एमडीडीए कॉलोनी केदारपुरम, देहरादून, उम्र 52 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी के विरुद्ध थाना राजपुर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
जल्द पैसा कमाने के लालच में बना नशा तस्कर
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सब्जी की ठेली लगाता है। जल्द पैसा कमाने के लालच में उसने यह स्मैक मिर्जापुर, सहारनपुर उत्तर प्रदेश निवासी एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदी थी। वह इसे स्थानीय नशा तस्करों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी के पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी सहित अन्य आपराधिक मामलों में जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास एवं नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पीडी भट्ट, थानाध्यक्ष राजपुर; उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी, चौकी प्रभारी कुठाल गेट; कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल मोहित तथा कांस्टेबल गौरव (एएनटीएफ) शामिल रहे।
