बेरीनाग में विश्व स्तरीय चाय उत्पादन के लिए कवायद तेज, बनेगा टी हब
पिथौरागढ़।जनपद के बेरीनाग क्षेत्र को “टी हब” के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। अपने नैसर्गिक सौंदर्य और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध बेरीनाग में अब विश्व स्तरीय चाय उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहायक प्रबंधक, उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड, पिथौरागढ़, केसर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में चाय बागान विकसित करने के लिए स्थानीय काश्तकारों के साथ 15 वर्षों का एग्रीमेंट किया जाएगा। इसके तहत मनरेगा योजना के तहत प्रति हेक्टेयर/श्रमिक को 100 दिन का रोजगार मिलेगा, जबकि 210 दिन का रोजगार टी बोर्ड द्वारा दिया जाएगा। टी बोर्ड नई भूमि पर चाय बागान विकसित करेगा, जिसके लिए कम से कम 5 हेक्टेयर भूमि आवश्यक होगी।
जिलाधिकारी ने इसके अलावा कालीताल के विस्तार, सौंदर्यीकरण और उसे पर्यटन से जोड़ने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को अन्य पर्यटन स्थलों के विकास की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि बेरीनाग टी गार्डन की एक विशिष्ट पहचान रही है, और इसे पिछले वर्ष जीआई टैग प्राप्त हुआ है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को चाय बागान विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर जल्द अमल में लाने के निर्देश दिए।
इस बैठक में डीएफओ आशुतोष सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, जीएम DIC कविता भगत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्य, चाय बागान भूमिधर विनोद सिंह कार्की सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।


