HTML tutorial
HTML tutorial

रिक्त पड़े आयोगों के पद कब भरोगे सरकार? :गरिमा मेहरा दसौनी

रिक्त पड़े आयोगों के पद कब भरोगे सरकार? :गरिमा मेहरा दसौनी
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए सवाल उठाया कि आखिर सरकार रिक्त पड़े आयोगों के पदों को कब भरेगी। बृहस्पतिवार को कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दसौनी ने कहा कि राज्य में बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग और बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) सहित कई महत्वपूर्ण आयोगों के अध्यक्षों और सदस्यों के पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही।

दसौनी ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड, जो एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार 9 हिमालयी राज्यों में महिला अपराध के मामलों में शीर्ष पर है, वहां महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का कार्यकाल पंद्रह दिन पहले समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक नया अध्यक्ष या सदस्य नियुक्त नहीं किए गए। ऐसे में राज्य में महिलाओं को न्याय के लिए कोई मंच ही उपलब्ध नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद कई महिलाएं अपनी शिकायतें दर्ज कराना चाहती हैं, लेकिन महिला आयोग का पद रिक्त होने के कारण वे अपनी आवाज कहां उठाएं? इसी तरह, बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष का पद भी खाली पड़ा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े मामलों को देखने वाला कोई नहीं है।

इसके अलावा, दसौनी ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कार्यकाल समाप्त होने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा जारी है और ग्रीष्मकालीन यात्रा भी जल्द शुरू होने वाली है, लेकिन बिना अध्यक्ष और समिति के यात्रा का सुचारू संचालन कैसे संभव होगा?

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा उनकी प्राथमिकता में ही नहीं है। दसौनी ने सरकार से तत्काल सभी रिक्त आयोगों के पदों को भरने की मांग की, ताकि जनता को न्याय और सुविधाएं मिल सकें।

देवभूमि खबर

Related articles