अनीमिया मुक्ति अभियान के तहत अब प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में भी मिलेगी आयरन-फोलिक एसिड
देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखंड सरकार ‘अनीमिया मुक्त भारत’ अभियान के तहत आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के सभी निजी स्कूलों में भी कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को साप्ताहिक आयरन-फोलिक एसिड (IFA) गोलियां वितरित करेगी। इस योजना को लागू करने की स्वीकृति भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय से मिल गई है।
वर्तमान में यह योजना प्रदेश के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में संचालित है, लेकिन राज्य में लगभग 50% छात्र निजी स्कूलों में पढ़ते हैं, जो अब तक इस कार्यक्रम के दायरे में नहीं थे। इसे ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया था। इसकी सफलता को देखते हुए अब इसे पूरे प्रदेश के निजी स्कूलों में लागू किया जाएगा, जिससे 17 लाख से अधिक बच्चों को लाभ मिलेगा और अनीमिया की दर में कमी आएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन निदेशक, स्वाति भदौरिया ने बताया कि कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और मुख्य शिक्षा अधिकारियों को गोलियों के वितरण, सेवन-संबंधी प्रशिक्षण और निगरानी को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी जिलों में संबंधित जिलाधिकारी की अध्यक्षता में निजी विद्यालय संगठनों के प्रतिनिधियों और अन्य हितधारक विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकें हों। स्कूल स्तर पर भी नोडल शिक्षकों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं, जो इस योजना का संचालन मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत करेंगे और बच्चों को संतुलित आहार के प्रति जागरूक करेंगे।
इसके अतिरिक्त, सभी एमओआईसी (मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज) को निर्देश दिए गए हैं कि वे खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में IFA की गुलाबी और नीली गोलियों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें। योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को गुलाबी और कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों को नीली गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी निजी स्कूलों में प्रत्येक सोमवार को साप्ताहिक IFA अनुपूरक गोलियां दी जाएंगी, ताकि बच्चों में अनीमिया की समस्या को प्रभावी रूप से रोका जा सके।
राज्य सरकार प्रदेश के नागरिकों के समग्र स्वास्थ्य सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है, जिससे प्रदेशवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


