HTML tutorial
HTML tutorial

उत्तराखंड एसटीएफ साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड के दो आरोपियों को जयपुर से किया गिरफ्तार

उत्तराखंड एसटीएफ साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड के दो आरोपियों को जयपुर से किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश के नाम पर लोगों से 90 लाख रुपये ठगने वाले दो आरोपियों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ते थे और फर्जी ऐप के जरिए मुनाफा दिखाकर निवेशकों को धोखा देते थे। जांच में सामने आया कि पिछले पांच महीनों में मुख्य आरोपी के यूको बैंक खाते में 75 लाख रुपये का लेन-देन हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष कुमार मीणा और नीरज कुमार मीणा के रूप में हुई है, जो राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 4 चेक बुक, 2 डेबिट कार्ड, 1 पासबुक, 2 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, उत्तराखंड, श्री नवनीत सिंह ने बताया कि नैनीताल निवासी एक पीड़ित ने सितंबर 2024 में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने अगस्त-सितंबर 2024 में फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा था, जिसमें क्लिक करने पर वह “J07 Future Capital Investment Management Group M.Stocks” नामक व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ गया। इस ग्रुप में अन्य लोग अपने मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे थे, जिससे पीड़ित को विश्वास हो गया और उसने निवेश कर दिया। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपियों ने पीड़ित से विभिन्न बैंक खातों में 90 लाख रुपये जमा करवा लिए। साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और व्हाट्सएप डेटा का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जयपुर, राजस्थान से दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपी फेसबुक पर आकर्षक विज्ञापन देकर लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ते थे। इन ग्रुपों में फर्जी निवेशकों द्वारा भारी मुनाफे के स्क्रीनशॉट शेयर किए जाते थे, जिससे नए लोगों को विश्वास हो जाता था। पीड़ितों से विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करवाए जाते थे और एक फर्जी ऐप के डैशबोर्ड पर उनकी इन्वेस्टमेंट राशि को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जाता था। जैसे ही पीड़ित निवेश करता था, आरोपी उसके पैसों को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर देते थे। जब पीड़ित अपना पैसा निकालने की कोशिश करता, तो उसे बहाने बनाकर टाल दिया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कई डिजिटल और वित्तीय दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें शामिल हैं 5 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 4 चेक बुक, 2 डेबिट कार्ड, 1 पासबुक, 2 आधार कार्ड और 1 पैन कार्ड। इस सफल कार्रवाई में एसटीएफ की साइबर टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक शरद चौधरी, अपर उपनिरीक्षक सत्येंद्र गंगोला, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल मौ. उस्मान और तकनीकी टीम से कांस्टेबल अंकुर मेहरा शामिल रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, उत्तराखंड, ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात निवेश योजना, ऑनलाइन जॉब, यूट्यूब लाइक-शेयर स्कीम, टेलीग्राम आधारित इन्वेस्टमेंट ऑफर में पैसा न लगाएं। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और आकर्षक ऑफर्स के झांसे में आने से बचें। यदि आपको किसी निवेश स्कीम पर संदेह हो या आप साइबर ठगी के शिकार हो जाएं, तो तुरंत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें या हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।

देवभूमि खबर

Related articles