HTML tutorial
HTML tutorial

विधायकों की पेंशन पर आपत्ति नहीं, आंदोलनकारियों की पेंशन ₹15,000 की जाए : धीरेंद्र प्रताप

विधायकों की पेंशन पर आपत्ति नहीं, आंदोलनकारियों की पेंशन ₹15,000 की जाए : धीरेंद्र प्रताप
Spread the love

देहरादून।चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के केंद्रीय मुख्य संरक्षक और उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने विधायकों की पेंशन बढ़ाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं जताई है, लेकिन आंदोलनकारियों की पेंशन भी ₹15,000 प्रति माह किए जाने की मांग की है।

धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि वह एक राजनीतिक कार्यकर्ता हैं और यह समझते हैं कि लाखों में से कुछ ही लोग विधायक या सांसद बन पाते हैं, और वह भी कुछ समय के लिए, कोई आजीवन पद पर नहीं रहता। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने अपना जीवन सामाजिक और राजनीतिक कार्यों में लगा दिया है, तो उसकी पेंशन ₹60,000 भी हो जाए तो कोई बड़ी बात नहीं, लेकिन सरकार को राज्य आंदोलनकारियों के प्रति भी संवेदनशील होना चाहिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड के आंदोलनकारियों ने राज्य के निर्माण में अपना जीवन लगा दिया, और आज उन्हीं की बदौलत सैकड़ों राजनीतिक कार्यकर्ता विधानसभा और संसद में पहुंच पा रहे हैं।

धीरेंद्र प्रताप ने राज्य की खराब आर्थिक स्थिति को लेकर कहा कि यह समस्या सिर्फ उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली और लखनऊ में भी यही हाल है। उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को आर्थिक संसाधन बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए और जिन वर्गों को सहायता की आवश्यकता है, उन्हें सहायता देने में संकोच नहीं करना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से आंदोलनकारियों की आर्थिक तंगी पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया और मुख्यमंत्री से इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेने की अपील की।

देवभूमि खबर

Related articles