पवाणी अग्निकांड पीड़ितों की मदद को आगे आई आम आदमी पार्टी, राशन और कंबल लेकर पहुंची राहत टीम

देहरादून। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आम आदमी पार्टी उत्तराखण्ड ने राहत अभियान शुरू किया है। पार्टी की ओर से शुक्रवार को देहरादून से राशन और कंबल से भरा राहत सामग्री का वाहन प्रभावित गांव के लिए रवाना किया गया।
राहत सामग्री के वाहन को आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसौदिया और देहरादून महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राहत सामग्री लेकर हिमांशु पुंडीर और शुभम कुमार प्रभावित गांव पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड में बेघर हुए परिवारों को राशन और कंबल वितरित किए तथा उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही इस मुश्किल समय में हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा उमा गौड़ सिसौदिया ने अग्निकांड की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आग की भयावह घटना में जिन परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा-पूंजी खोई है, उनका दर्द बेहद पीड़ादायक है। संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को केवल सांत्वना ही नहीं, बल्कि ठोस मदद और सहयोग की आवश्यकता है।
महानगर अध्यक्ष संजय छेत्री ने कहा कि देहरादून से राहत सामग्री का पहला वाहन रवाना किया गया है और यह केवल शुरुआत है। पवाणी गांव दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां राहत सामग्री पहुंचाना आसान नहीं है, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हर मुश्किल रास्ते को पार कर पीड़ित परिवारों तक मदद पहुंचाएंगे।
उन्होंने देहरादून की जनता से भी अपील की कि पवाणी गांव के प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए आगे आएं। एक कंबल या एक बोरी राशन भी किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।
उमा गौड़ सिसौदिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा हो या इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना, पीड़ितों के साथ खड़ा होना हम सभी की सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। आम आदमी पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर जरूरतमंदों की सहायता करने में विश्वास रखती है। पार्टी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उनकी जरूरतों के लिए हर संभव सहयोग का प्रयास जारी रखेगी।
उन्होंने राहत सामग्री पहुंचाने वाले हिमांशु पुंडीर और शुभम कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को ऐसे कठिन समय में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। पार्टी ने अग्निकांड प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र पुनर्वास और सामान्य जीवन की वापसी की कामना की।


