उत्तराखण्ड में धारा-नौला संरक्षण को मिलेगी नई दिशा, मेघालय के सामुदायिक वन संरक्षण मॉडल का अध्ययन कर रहा चम्पावत का दल

देहरादून। उत्तराखण्ड के पारंपरिक जल स्रोतों धारा-नौला के पुनर्जीवन और सामुदायिक वन संरक्षण को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्प्रिंग्स एंड रिवर रिजुवेनेशन अथॉरिटी (SARRA) और जनपद चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों का संयुक्त दल मेघालय के अध्ययन भ्रमण पर है। 25 से 27 नवंबर तक शिलांग में आयोजित इस तीन दिवसीय भ्रमण में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों तथा वन एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों सहित कुल 13 प्रतिनिधि शामिल हैं।
भ्रमण के दौरान मेघालय बेसिन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MBDA) और मेघालय बेसिन मैनेजमेंट एजेंसी (MBMA) के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को राज्य में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। इनमें जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (JICA) से वित्तपोषित MEGALIFE और जर्मन विकास बैंक (KfW) से वित्तपोषित MEGARISE परियोजनाएं प्रमुख हैं।
दल ने MEGALIFE परियोजना के अंतर्गत संचालित पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज (PES) मॉडल का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इस मॉडल के तहत स्थानीय स्तर पर गठित समितियों को प्राकृतिक वनों के संरक्षण के बदले प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। समितियों में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी अनिवार्य रखी गई है।
शिलांग के एक गांव की समिति ने इस पहल के माध्यम से 46 से 47 हेक्टेयर वन क्षेत्र का संरक्षण किया है। वर्तमान में समिति के खाते में सामुदायिक विकास कार्यों के लिए लगभग 15 लाख रुपये की धनराशि जमा है। इस मॉडल से स्थानीय लोगों को वन संरक्षण के लिए आर्थिक प्रोत्साहन मिलने के साथ सामुदायिक विकास को भी बढ़ावा मिल रहा है।
भ्रमण के दौरान SARRA के उपनिदेशक एवं मुख्य वित्त अधिकारी ने क्षेत्र में स्थापित बायोचार उत्पादन संयंत्र का भी निरीक्षण किया। मई 2026 में MBDA, फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) और एक निजी संस्था के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट के माध्यम से बायोचार उत्पादन और उससे प्राप्त होने वाले कार्बन क्रेडिट का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस दौरान कोर कार्बन एक्स (Core Carbon X) के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मेघालय में अपनाई जा रही कृषि वानिकी (एग्रोफॉरेस्ट्री) तकनीकों का भी अध्ययन किया। अधिकारियों का मानना है कि मेघालय का पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विसेज मॉडल और सामुदायिक सहभागिता पर आधारित वन संरक्षण व्यवस्था उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
विशेष रूप से चम्पावत की धारा-नौला संरक्षण समितियों को इस मॉडल से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्थानीय समुदायों की भागीदारी बढ़ाने और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने में मदद मिल सकती है। इससे प्रदेश में जल संरक्षण और सामुदायिक वन प्रबंधन के प्रयासों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।


