उत्तराखंड एसटीएफ ने साइबर ठग को राजस्थान से किया गिरफ्तार, करोड़ों की ठगी का खुलासा
देहरादून।उत्तराखंड एसटीएफ के साइबर थाना देहरादून ने हरिद्वार निवासी एक महिला से 1.43 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। यह गिरोह व्हाट्सएप पर यूके वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल कर लोगों को शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर ठगता था।
गिरोह ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए लोगों को जोड़कर क्वांटम कैपिटल और QYOU मीडिया नामक फर्जी कंपनियों के जरिए निवेश कराने का झांसा दिया। पहले छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न देकर भरोसा जीता, फिर बड़ी रकम निवेश कराई और अंततः पैसे देने से इनकार कर दिया।
जांच में पता चला कि पीड़िता से ठगे गए 1.43 करोड़ रुपये में से 55.94 लाख रुपये राजस्थान के अलवर में स्थित पांच आईडीबीआई बैंक खातों में ट्रांसफर हुए। इन खातों में अब तक 2.33 करोड़ रुपये का लेन-देन दर्ज हुआ है, और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर इन खातों के खिलाफ 15 शिकायतें दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी कैलाश सैनी (32) को जयपुर हाईवे पर रिंगस बाईपास, सीकर (राजस्थान) से पकड़ा गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खाते का एसएमएस अलर्ट नंबर बरामद हुआ है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने जनता से अपील की है कि लोक-लुभावने निवेश ऑफर्स, अज्ञात कॉल और फर्जी वेबसाइट्स से बचें। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर दें।

