चमोली पुलिस की बड़ी कामयाबी: मंदिर में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा, शत प्रतिशत माल बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार
चमोली। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मंदिर में हुई चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी किया गया पूरा माल बरामद कर लिया है।
दिनांक 16 फरवरी 2025 को थान सिंह पुत्र दरवान सिंह, निवासी ग्राम ग्वाई ने कोतवाली चमोली में तहरीर दी कि उनके गांव के पारिवारिक गोरील देवता मंदिर का ताला तोड़कर सोने और चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। चोरी की यह घटना 11 फरवरी से 14 फरवरी 2025 के बीच घटी थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। यह मामला कोतवाली चमोली पर मु.अ.सं.- 06/25, धारा 305(A), 331(4) बी.एन.एस के तहत दर्ज किया गया था, जिसकी जांच उप-निरीक्षक लक्ष्मीप्रसाद बिजल्वाण को सौंपी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली श्री सर्वेश पंवार ने जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तत्परता से जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त रमेश लाल (47 वर्ष), पुत्र बैशाखू लाल, निवासी ग्राम बलदौड़ा, थाना व जिला चमोली को भटखोला धार से गिरफ्तार कर लिया।
बरामद किए गए सामान का अनुमानित मूल्य लगभग ₹2,00,000 है। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बी.एन.एस की बढ़ोतरी की गई है। अभियुक्त को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

