आपदा प्रबंधन में एसडीआरएफ उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी

आपदा प्रबंधन में एसडीआरएफ उत्तराखंड की बड़ी उपलब्धि, आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी
Spread the love

देहरादून। आपदा प्रबंधन और बचाव सेवाओं में गुणवत्ता, दक्षता एवं मानकीकरण की दिशा में एसडीआरएफ उत्तराखंड पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की निर्धारित प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड दीपम सेठ के मार्गदर्शन में प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं बचाव सेवाओं को अधिक प्रभावी, आधुनिक और मानकीकृत बनाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में एसडीआरएफ द्वारा अपनी कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण, संसाधन प्रबंधन और बचाव प्रक्रियाओं में गुणवत्ता सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया के तहत 14 जुलाई 2026 को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, जौलीग्रांट में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की ओर से प्रथम ऑडिट किया गया। पूर्व वैज्ञानिक ‘जी’ एवं उप महानिदेशक, बीआईएस, भारत सरकार विष्णु गुप्ता ने सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी की उपस्थिति में वाहिनी की विभिन्न शाखाओं और कार्यप्रणालियों का विस्तृत निरीक्षण किया।

ऑडिट के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था, प्रशिक्षण प्रणाली, दस्तावेजीकरण, गुणवत्ता प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। निर्धारित मानकों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए एसडीआरएफ उत्तराखंड ने आईएसओ 9001 प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की है।

एसडीआरएफ उत्तराखंड आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आईएसओ 9001 प्रमाणन प्राप्त करने वाली पहली एजेंसी बनने की दिशा में अग्रसर है। यह उपलब्धि बल की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, मानकीकरण, जवाबदेही और निरंतर सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

आईएसओ 9001 प्रमाणन से एसडीआरएफ की कार्यप्रणाली के मानकीकरण, बेहतर दस्तावेजीकरण एवं जवाबदेही, संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन तथा प्रशिक्षण और बचाव प्रक्रियाओं में निरंतर गुणवत्ता सुधार को बढ़ावा मिलेगा। इससे आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी, त्वरित और व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रेरणा से एसडीआरएफ आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, मानकीकृत प्रक्रियाओं और गुणवत्तापूर्ण आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है। आईएसओ 9001 प्रमाणन की दिशा में हासिल यह उपलब्धि एसडीआरएफ की दक्षता, गुणवत्ता और प्रभावी आपदा प्रबंधन सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

देवभूमि खबर

Related articles