दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के मामले में हरिद्वार पुलिस का त्वरित एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन के मामले में हरिद्वार पुलिस का त्वरित एक्शन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। दुष्कर्म एवं धर्म परिवर्तन के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमे के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों की जांच और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दिनांक 25 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश निवासी एक युवती ने थाना पथरी में प्रार्थना पत्र देकर कुछ व्यक्तियों पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

प्रकरण का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने थानाध्यक्ष पथरी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला गया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई।

पुलिस की कार्रवाई के दौरान 26 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुकदमे के मुख्य आरोपी शाहरुख पुत्र निसार निवासी ग्राम बादशाहपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार को गुर्जर बस्ती से काठा पीर जाने वाले मार्ग से हिरासत में लिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में मु.अ.सं. 489/2026 के तहत धारा 127(3), 64(2)(ड), 70(2), 319 बीएनएस एवं धारा 5 उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, कांस्टेबल जयपाल सिंह तथा कांस्टेबल जयपाल चौहान शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles