कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सहकारी समितियों के चुनाव में धांधली करने का लगाया आरोप

कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सहकारी समितियों के चुनाव में धांधली करने का लगाया आरोप
Spread the love

देहरादून।प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री और जिला सहकारी बैंक देहरादून के पूर्व अध्यक्ष डॉ. के. एस. राणा ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर सहकारी समितियों के चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद सहकारी समितियों के चुनाव शुरू हुए थे, लेकिन सरकार ने पुराने सदस्यों को मताधिकार से वंचित कर दिया।

डॉ. राणा ने बताया कि इस फैसले के खिलाफ कुछ सहकारी सदस्यों ने उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की, जिस पर न्यायालय ने निर्देश दिया कि चुनाव पुरानी प्रणाली के अनुसार ही कराए जाएं। लेकिन भाजपा सरकार ने अदालत के आदेशों की अवहेलना कर नई प्रणाली के तहत चुनाव कराने की घोषणा कर दी। इसके अनुसार, 2021 से पहले बने सदस्यों को यदि तीन वर्षों में कोई लेन-देन नहीं हुआ था तो उन्हें मताधिकार से वंचित कर दिया गया, जबकि 2021 के बाद जुड़े सदस्यों के लिए यह बाध्यता नहीं रखी गई।

डॉ. राणा ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 11 फरवरी 2025 को हुई थी, जिसमें मतदान की तिथि 24 और 25 फरवरी तय की गई थी। 24 फरवरी को संचालक मंडल का चुनाव हो चुका था और 25 फरवरी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य प्रतिनिधियों का निर्वाचन होना था। लेकिन 24 फरवरी की रात 10 बजे सूचना मिली कि 25 फरवरी को होने वाले चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। जब इस फैसले का कारण जानने की कोशिश की गई, तो सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सहकारी समिति अधिनियम और उच्च न्यायालय के निर्देशों को दरकिनार कर चुनाव को मनमाने तरीके से स्थगित कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि 24 फरवरी को मतदान का समय भी बिना पूर्व सूचना के सुबह 9 बजे से बदलकर 11 बजे कर दिया गया, जबकि पहले से तय निर्वाचन प्रक्रिया में बदलाव नहीं किया जा सकता था।

डॉ. राणा ने आगे कहा कि सहकारी समिति अधिनियम की धारा 34 के तहत सरकार प्रत्येक समिति में दो प्रतिनिधियों को नामित कर सकती है, जिनमें से एक सरकारी सेवक होगा, जिसे मतदान का अधिकार नहीं होगा। लेकिन भाजपा सरकार ने इस नियम का उल्लंघन कर अधिक संख्या में लोगों को जोड़कर अपना बहुमत बनाने की कोशिश की।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री बिरेन्द्र पोखरियाल, राष्ट्रीय निदेशक सहकारी संघ मानवेन्द्र सिंह, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दसौनी, प्रवक्ता सुजाता पॉल, गिरिराज हिन्दवान और डॉ. प्रतिभा सिंह सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles