एडीएम अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में एनडीपीएस एक्ट की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, नशा मुक्ति पर हुआ मंथन

एडीएम अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में एनडीपीएस एक्ट की जिला स्तरीय समिति की बैठक संपन्न, नशा मुक्ति पर हुआ मंथन
Spread the love

टिहरी ।अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज कल्याण, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने नशा मुक्ति कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रचार-प्रसार को बढ़ाया जाए और खासतौर पर युवाओं और गरीब परिवारों की निगरानी की जाए, ताकि उन्हें नशे की लत से दूर रखा जा सके। उन्होंने महिलाओं को नशा विरोधी अभियान में शामिल करने पर जोर देते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य, सामाजिक और आर्थिक नुकसान से अपनी पीढ़ियों को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि टिहरी कारागार में तीन नशा ग्रस्त बंदियों की मनोचिकित्सक द्वारा काउंसलिंग की गई, जिससे वे अब नशे की लत से बाहर आ चुके हैं। समाज कल्याण विभाग ने जानकारी दी कि जनवरी माह से अब तक जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में 3,000 से अधिक लोगों को नशा मुक्ति को लेकर जागरूक किया गया है।

पुलिस विभाग ने अवगत कराया कि संवेदनशील क्षेत्रों में समय-समय पर छापामारी अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं। पिछले एक वर्ष में नशे में वाहन चलाने पर लगभग 5,000 लोगों के चालान किए गए हैं।

बैठक में एसीएमओ एल.डी. सेमवाल, आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह, समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, भूमि संरक्षण अधिकारी पवन काला सहित पुलिस, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles