मुख्यमंत्री की क्षेत्रवाद पर चेतावनी हास्यास्पद: सूर्यकांत धस्माना
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्रवाद को लेकर दी गई चेतावनी को हास्यास्पद और हैरान करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पहले अपने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, फिर उदाहरण के साथ ऐसी चेतावनी देनी चाहिए।
प्रदेश में चल रहे बजट सत्र के दौरान भाजपा सरकार के वरिष्ठ मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा असभ्य भाषा के प्रयोग से जनता में गहरा असंतोष व्याप्त है। इस आक्रोश को दबाने के लिए अब भाजपा सरकार और पार्टी प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष धमकियों का सहारा ले रही है, जिससे जनता का गुस्सा और भड़क रहा है। धस्माना ने कहा कि क्षेत्रवाद के नाम पर मुख्यमंत्री की चेतावनी तब तक बेमानी है जब तक वे अपने ही मंत्री पर कार्रवाई नहीं करते।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र में क्षेत्रीय आधार पर समाज को बांटने वाला बयान स्वयं प्रेमचंद अग्रवाल ने दिया, जिससे पूरे राज्य में असंतोष फैल गया। बावजूद इसके, न तो मंत्री ने माफी मांगी और न ही भाजपा या सरकार ने उनके खिलाफ कोई कदम उठाया।
धस्माना ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी बयानबाजी से स्पष्ट है कि भाजपा इस मुद्दे को गरमाए रखना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी पार्टी अपने मंत्री के बचाव में खड़ी है, जबकि जनता जवाब चाहती है।

