मुख्यमंत्री ने किया 110.56 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

Spread the love

काशीपुर।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काशीपुर में 110.56 करोड़ रुपये की लागत से 19 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने नगर में एक भव्य रोड शो किया, जिसमें स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों ने फूल बरसाकर एवं मालाओं से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने 48.61 करोड़ रुपये की 7 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं 61.95 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट, भूमिगत विद्युतिकरण, नगर निगम भवन एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण, स्टेडियम आधुनिकीकरण, गिरीताल सरोवर विकास, गौशाला निर्माण और सर्किट हाउस निर्माण शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर की जनता ने ट्रिपल इंजन सरकार को जो समर्थन दिया है, उस पर सरकार पूरी तरह खरी उतरेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गिरीताल सरोवर में साइकिल-पैदल ट्रैक, नौकायन, विद्युतिकरण एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। काशीपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का आधुनिकीकरण होगा। नगर निगम कार्यालय भवन, आवासीय परिसर एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। काशीपुर उप जिलाधिकारी कार्यालय के पास नया सर्किट हाउस बनेगा। 17 नए वार्डों में सड़कों, नालियों, बिजली और पार्कों का निर्माण होगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को चाबियाँ वितरित की गईं और ₹1.95 करोड़ का चेक सौंपा गया। 1100 करोड़ की लागत से औद्योगिक हब परियोजना और 100 करोड़ की लागत से अरोमा पार्क विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड नए आयाम स्थापित कर रहा है। राज्य सरकार सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया है और नकल विरोधी कानून से शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता लाई है।

मुख्यमंत्री ने किसानों और स्वरोजगार को लेकर कई योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना और सौर स्वरोजगार योजना से स्थानीय लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाएगा। किसानों को 3 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण, फसलों पर MSP और 80% तक सब्सिडी पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में तेजी लाई गई है, और सिंचाई को मुफ्त किया गया है। 6 एरोमा वैली विकसित कर सगंध खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकारों की वोट बैंक की राजनीति ने राज्य की जनसंख्या संरचना (डेमोग्राफी) से खिलवाड़ किया, लेकिन अब घृणित मानसिकताओं पर कड़ी कार्रवाई हो रही है। उन्होंने सख्त दंगारोधी एवं धर्मांतरण विरोधी कानूनों के सख्ती से लागू किए जाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाकर इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएगी। उन्होंने काशीपुर की जनता से सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस विकास यात्रा में योगदान देने की अपील की।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा, महापौर, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles