पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों को ₹186 करोड़ का भुगतान, उत्तरकाशी को सर्वाधिक लाभ
देहरादून। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज अपने कैंप कार्यालय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) के तहत किसानों और सेब उत्पादकों को मुआवजा वितरण को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2023-24 की रबी और खरीफ फसलों के लिए अब तक कुल ₹186 करोड़ का भुगतान किसानों को किया जा चुका है। इसमें रबी 2023 की फसल के लिए ₹97.09 करोड़ और खरीफ 2024 के लिए ₹88.06 करोड़ का भुगतान शामिल है। उत्तरकाशी जिले के किसानों को सबसे अधिक ₹76.08 करोड़ की राशि दी गई।
बैठक में संयुक्त निदेशक उद्यान रतन कुमार की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी की पहली बैठक की समीक्षा की गई। कृषि मंत्री ने बीमा कंपनी और डाटा कंपनी को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बागवानी मिशन के निदेशक महेंद्र पाल, एसबीआई एग्रीकल्चर जनरल इंश्योरेंस कंपनी के रीजनल हेड परमानंद शर्मा, क्लेम मैनेजर नवीन चौहान सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

