खनन माफिया पर कांग्रेस का वार, त्रिवेंद्र रावत के बयान से बढ़ी भाजपा की मुश्किलें

खनन माफिया पर कांग्रेस का वार, त्रिवेंद्र रावत के बयान से बढ़ी भाजपा की मुश्किलें
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड में खनन माफिया का राज चल रहा है, जहां गरीब जनता लुट भी रही है और पिट भी रही है। यह सब भाजपा सरकार की आंखों के सामने हो रहा है। यह आरोप आज प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में लगाए।

भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के लोकसभा में दिए गए बयान को हथियार बनाते हुए श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि भाजपा के ही सांसद ने कर दी है। श्री रावत ने लोकसभा में अवैध खनन, अवैध लदान और डंपरों से हो रही दुर्घटनाओं का जिक्र कर दिया है, जिससे खनन के काले धंधे का पर्दाफाश हुआ है।

श्री धस्माना ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इससे पहले भी लोकसभा में यह मुद्दा उठाया था और अब दोबारा यह आरोप दोहराने से यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस जो आरोप लगा रही थी, वह सत्य हैं। ऐसे में धामी सरकार को खनन पर श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि खनन में एक बाहरी कंपनी को रॉयल्टी काटने का अधिकार दिया गया है, जिससे प्रदेश में निर्माण सामग्री के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। आम आदमी के लिए मकान बनाना महंगा हो गया है। यही कंपनी बिना परमिट के ओवरलोडिंग कर अवैध लदान करवाती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं।

श्री धस्माना ने वर्ष 2023-24 की कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि रिपोर्ट में साफ बताया गया है कि अवैध खनन से प्रदेश को करोड़ों का नुकसान हुआ है। रिपोर्ट में कई एम्बुलेंस, ई-रिक्शा और टू-व्हीलर के नंबर दर्ज हैं, जिनका उपयोग खनन में हुआ।

उन्होंने इस पर कड़ी आपत्ति जताई कि लोकसभा में पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के आरोपों का खंडन मुख्यमंत्री या किसी मंत्री द्वारा न करके एक अधिकारी द्वारा किया गया। यह लोकसभा की अवमानना है क्योंकि जो बात संसद में रिकॉर्ड का हिस्सा बन चुकी है, उसका जवाब कोई नौकरशाह कैसे दे सकता है?

श्री धस्माना ने मांग की कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खुद स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी ही पार्टी के सांसद ने जो आरोप लगाए हैं, वे सही हैं या गलत। यदि उनके अधिकारी के अनुसार ये आरोप झूठे हैं, तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा को इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए।

श्री धस्माना ने कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और कांग्रेस इसे हल्के में नहीं लेगी। पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करेगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता गिरिराज किशोर हिंदवाण और दिनेश कौशल उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles