ऑफिस से नदारद मिले जिला आबकारी अधिकारी समेत दो अन्य कर्मचारी , डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
चमोली।जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने मंगलवार को जिला आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी समेत दो अन्य कर्मचारी गैरहाजिर पाए गए। इस पर डीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकते हुए सर्विस ब्रेक दे दिया, जबकि सहायक लेखाकार धीरज भट्ट और कनिष्ठ सहायक मनीष रावत की वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी।
जिलाधिकारी तिवारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत अंग्रेजी शराब की दुकानों के व्यवस्थापन को लेकर आबकारी अधिकारी को बुलाया गया था, लेकिन आदेशों के बावजूद वे कार्यालय में उपस्थित नहीं हुए। औचक निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कार्यालय पीआरडी कर्मचारी के भरोसे छोड़ा गया था, जिससे प्रशासनिक लापरवाही उजागर हुई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी दायित्वों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण जारी रहेंगे। दोषी कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

