पौड़ी पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह के दो ईनामी सदस्यों को हरियाणा से किया गिरफ्तार
देहरादून। पौड़ी पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह के दो ईनामी सदस्यों को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। ये आरोपी मोबाइल टावर लगाने के नाम पर भोले-भाले लोगों से ठगी करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि इन लोगों ने फर्जी आईडी के जरिए कई बैंक खाते और सिम कार्ड भी जारी कराए थे।
मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 08 लाख रुपये की धोखाधड़ी वाले गैंग के 02 ईनामी सदस्यों को पौड़ी पुलिस ने हरियाणा से धर दबोचा
दिनांक 31.01.2025 को वादी मनबर सिंह नेगी निवासी ग्राम मवाकोट कोटद्वार ने कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। इसमें उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनसे मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 8,00,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की। इस शिकायत पर कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0-47/2025, धारा- 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री लोकेश्वर सिंह ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके तहत अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार श्री चन्द्र मोहन के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार श्रीमती निहारिका सेमवाल के निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार श्री रमेश तनवार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि यह गिरोह हरियाणा के हिसार से संचालित हो रहा था। इसके दो सदस्य, भूपेंद्र और छोटू, वादी से ठगी करने में शामिल पाए गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा भेजा गया।
फरार होने के बाद ईनाम घोषित
पुलिस जब अभियुक्तों के ठिकानों पर पहुंची तो वे भागने में सफल रहे और लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी ने दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर 5,000-5,000 रुपये का ईनाम घोषित किया।
पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और कुशल सुरागसी के जरिए 01.04.2025 को दोनों आरोपियों को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि इन्होंने फर्जी आईडी पर करीब 20 से अधिक बैंक खाते खुलवाए थे और उन्हीं खातों से ठगी की रकम ट्रांसफर की जाती थी।
आरोपी लोगों को कॉल कर उन्हें लालच देकर झांसे में लेते और मोबाइल टावर लगाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश कर आवश्यक कानूनी कार्यवाही के बाद जेल भेज दिया गया।

