मसूरी के बाद इस बार सरोवर नगरी नैनीताल में लगेगा चिंतन शिविर, सुशासन थीम पर होगा मंथन

मसूरी के बाद इस बार सरोवर नगरी नैनीताल में लगेगा चिंतन शिविर, सुशासन थीम पर होगा मंथन
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल में आगामी 25 से 27 अप्रैल तक मसूरी के बाद चिंतन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञों के साथ ही नीति आयोग के प्रतिनिधि, निवेशक, प्रशासनिक अधिकारी आदि प्रतिभाग करेंगे। चिंतन शिविर के आयोजन की पूर्व तैयारी को लेकर प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग उत्तराखण्ड शासन आर. मीनाक्षी सुंदरम ने नैनीताल पहुंचकर आयोजन की पूर्व तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रमुख सचिव ने डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी नैनीताल पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन के संबंध में विभिन्न जानकारियां लेते हुए आवश्यक तैयारियों के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान प्रमुख सचिव ने एटीआई के महानिदेशक डॉ. बी.पी. पांडे के साथ भी बैठक कर आयोजन के संबंध में विचार-विमर्श किया। साथ ही उन्होंने चिंतन शिविर के आयोजन को लेकर प्रशासनिक अकादमी परिसर व विभिन्न ब्लॉकों का भी निरीक्षण कर जायजा लिया।

प्रमुख सचिव ने कहा कि उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाए जाने हेतु सरकार निरंतर रूप से कार्य कर रही है। सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाए जाने हेतु किसी भी प्रकार से कोई कोर कसर छोड़ना नहीं चाहती। प्रदेश का विकास किस प्रकार से हो, इसी को देखते हुए दो वर्ष पूर्व देहरादून के मसूरी में चिंतन शिविर का आयोजन किया गया था और अब यह चिंतन शिविर नैनीताल में आयोजित किया जा रहा है।

चिंतन शिविर में उत्तराखंड में आधारभूत संरचना में किस प्रकार से वृद्धि की जा सके, राज्य में अधिक से अधिक लोग अपना निवेश किस प्रकार से कर सकें तथा यहाँ के लोगों की आजीविका को बढ़ाने और साधन बढ़ाए जाने हेतु किस प्रकार की रणनीति तैयार की जाए, इस पर विचार-विमर्श व मंथन किया जाएगा। साथ ही राज्य में सुशासन लाने के लिए किस प्रकार की रणनीति तैयार की जाए, इस थीम पर भी मंथन किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी वंदना, निदेशक नियोजन उत्तराखंड मनोज पंत, मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, संयुक्त मजिस्ट्रेट वरुणा अग्रवाल, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।

बाइट: आर. मीनाक्षी सुंदरम, प्रमुख सचिव, नियोजन विभाग।

देवभूमि खबर

Related articles