ग्राम पंचायत गेंवली देवल में चौपाल आयोजित,मुख्य विकास अधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
टिहरी।मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत गेंवली देवल में चौपाल का आयोजन कर आगामी पंचायती निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावली का अवलोकन किया। उन्होंने सभी ग्रामीणों के नाम दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए संबंधित संगणक व सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि पांडुलिपियों से सभी नामों का उचित प्रकार से मिलान करें, ताकि कोई भी नाम सूची से छूटने न पाए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां मतदाताओं की संख्या अधिक हो, वहां मतदाताओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बूथ स्थापित किए जाएं।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से पानी की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें रहीं। ग्रामीणों ने बताया कि पंपिंग योजना के तहत पानी की सप्लाई उचित प्रकार से नहीं हो पा रही है, जिससे क्षेत्र में पानी की समस्या बनी हुई है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इसके अलावा, कई ग्रामीणों ने शिकायत की कि उनके परिवार के सदस्यों के नाम राशन कार्ड में दर्ज नहीं हो पा रहे हैं। इस पर भी अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। कुछ ग्रामीणों ने गौशाला निर्माण की मांग रखी, जबकि शिव शक्ति स्वयं सहायता समूह और गौरा शक्ति स्वयं सहायता समूह ने पॉलीहाउस बनाए जाने की मांग की। मुख्य विकास अधिकारी ने इन सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को यथाशीघ्र आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

